
झालावाड़ रंगों के त्योहार होली को सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए EMRI GHS Rajasthan की 108 एम्बुलेंस रेस्पॉन्स सेवा प्रदेशभर में अलर्ट मोड पर कार्य कर रही है। होली के दौरान बढ़ने वाली आपात घटनाओं और संभावित हादसों को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में 1094 एम्बुलेंस रणनीतिक रूप से तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्टेट हेड मधुसूदन भोमिया ने जानकारी देते हुए बताया कि होली जैसे बड़े त्योहार पर सड़क दुर्घटनाएं, झगड़े, आगजनी, रंगों से एलर्जी, आंखों में केमिकल जाने और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में 108 सेवा की टीम पूरी तत्परता के साथ तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि प्रदेशवासियों की होली सुरक्षित रहे और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि 108 सेवा पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी मेडिकल, पुलिस या अग्नि आपात स्थिति में केवल 108 डायल करना है। एक कॉल मिलते ही नजदीकी एम्बुलेंस को लोकेशन के आधार पर तुरंत रवाना किया जाता है। कंट्रोल रूम में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है, ताकि कॉल रिस्पॉन्स में किसी प्रकार की देरी न हो।
होली के अवसर पर संभावित आपदाओं को देखते हुए 108 कर्मचारियों की छुट्टियां अस्थायी रूप से रद्द कर दी गई हैं। एम्बुलेंस पायलट और ईएमटी (इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन) को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि वे त्योहार के दौरान सड़क पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें। सभी वाहनों की तकनीकी जांच भी पहले ही सुनिश्चित कर ली गई है, ताकि किसी प्रकार की यांत्रिक बाधा न आए।

सेवा की ओर से आमजन से अपील की गई है कि किसी भी आपात स्थिति में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत 108 पर कॉल करें। गलत या मजाक में कॉल करने से बचें, क्योंकि इससे वास्तविक जरूरतमंद तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है।
सुरक्षित होली के लिए 108 सेवा ने कुछ जरूरी सुझाव भी जारी किए हैं। होली खेलते समय आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा पहनें, छोटे बच्चों पर विशेष नजर रखें और उन्हें रसायनयुक्त रंगों से दूर रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और नशे की हालत में ड्राइविंग बिल्कुल न करें। यात्रा के दौरान वाहन की खिड़कियां बंद रखें, ताकि रंग या पानी अंदर न आए।
साथ ही अस्वच्छ स्थानों या खुले में रखे खाद्य पदार्थों का सेवन न करें, क्योंकि इससे फूड प्वाइजनिंग या अन्य संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। चेहरे या आंखों पर जबरदस्ती रंग या पानी न डालें और किसी के साथ दुर्व्यवहार से बचें।
108 एम्बुलेंस सेवा ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेशभर में उनकी टीमें 24 घंटे सक्रिय रहेंगी और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि होली का पर्व उल्लास, भाईचारे और सुरक्षा के साथ मनाया जाए।