झालावाड़। जिले के कालिया खेड़ी गांव के होनहार खिलाड़ी तुषार जाट ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए झालावाड़ का नाम रोशन किया है। 80 किलो भार वर्ग में खेलते हुए तुषार ने 9th Federation Cup National Championship में स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान को गौरवान्वित किया।
झालावाड़ वूशु संघ के सचिव सूरज गौतम ने बताया कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 24 से 30 दिसंबर तक राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ में आयोजित हुई। इसमें राजस्थान टीम की ओर से उतरते हुए तुषार ने दमदार खेल दिखाया।
तुषार पिछले 8 वर्षों से महाबली स्पोर्ट्स अकैडमी, झालावाड़ में एन.आई.एस. कोच सूरज गौतम के मार्गदर्शन में निरंतर अभ्यास कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने दिल्ली, बिहार और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को पराजित करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सेमीफाइनल में तुषार ने बिहार को मात दी, जबकि फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी को नॉकआउट कर निर्णायक जीत दर्ज की।
तुषार जाट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे झालावाड़ जिले में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे जिले के लिए गौरव का पल बताया है।