नरेगा बचाओ, पंचायत व नगरीय चुनाव तैयारियों और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खानपुर की अहम बैठक सम्पन्न

खानपुर।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खानपुर की एक महत्वपूर्ण बैठक नरेगा बचाओ अभियान, पंचायत राज एवं नगरीय चुनावों की तैयारियों तथा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर आयोजित की गई। बैठक झालावाड़ रोड फव्वारा तिराहा स्थित एक निजी होटल में सम्पन्न हुई। बैठक की अगुवाई क्षेत्रीय विधायक सुरेश गुर्जर ने की, जबकि अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बालचंद मीणा ने की।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवादल, कांग्रेस बीएलए सहित सभी अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी पंचायत राज और नगरीय चुनावों को लेकर संगठनात्मक मजबूती, नरेगा को बचाने के लिए जनआंदोलन की रणनीति तथा एसआईआर प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं पर सतर्कता बनाए रखने को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना रहा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नरेगा को कमजोर करने की कथित साजिशों के खिलाफ पंचायत मुख्यालयों पर जनचौपाल आयोजित की जाएंगी। इन जनचौपालों के माध्यम से भाजपा सरकार द्वारा रोजगार योजनाओं पर किए जा रहे कथित “मनोवैज्ञानिक प्रहार” को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि नरेगा केवल एक योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण गरीबों के जीवन और आजीविका का आधार है, और इसे खत्म करने या कमजोर करने का कोई भी प्रयास आमजन के खिलाफ है।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्यापित मतदाताओं के नाम फर्जी आपत्तियों के जरिए मतदाता सूचियों से हटाने की साजिश की जा रही है। बैठक में कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे बीएलओ द्वारा सत्यापित मतदाताओं के नामों पर लगातार नजर रखें और यदि किसी प्रकार की अनियमितता या जबरन आपत्ति दर्ज होती है तो उसका तुरंत विरोध दर्ज करवाएं। इसके लिए मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सुरेश गुर्जर ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की मंशा आमजन के प्रति ठीक नहीं है। सरकार नरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर और धार्मिक भावनाओं की आड़ लेकर इस योजना को धीरे-धीरे कमजोर करने का प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीणों के रोजगार पर “कैंची” चलाई जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के माध्यम से चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर और बीएलओ द्वारा सत्यापित मतदाताओं पर फर्जी आपत्तियां दर्ज करवा कर कांग्रेस विचारधारा से जुड़े सर्वसमाज के लोगों के नाम मतदाता सूचियों से हटवाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक और संवैधानिक प्रक्रियाओं का सीधा उल्लंघन है।

विधायक गुर्जर ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने ग्राम पंचायत, पंचायत समिति, जिला परिषद और नगरीय वार्डों के परिसीमन में तय दूरी और भौगोलिक परिस्थितियों की अनदेखी कर मनमाफिक सीमाएं तय की हैं, जिससे आमजन को भारी असुविधा हो रही है। यह परिसीमन जनभावनाओं के विपरीत है और सरकार की जनविरोधी कार्यशैली को दर्शाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कांग्रेस का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता “बब्बर शेर” है और वह इन असंवैधानिक प्रहारों का मुंहतोड़ जवाब देगा। जरूरत पड़ी तो सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी दिनों में प्रत्येक मंडल स्तर पर बैठकें आयोजित कर विस्तृत रोडमैप तैयार किया जाएगा।

बैठक को पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भवानीशंकर गुर्जर, बलराम हाड़ा, पूर्व सरपंच ललित राठौर, मंडल अध्यक्ष प्रमोद सोनी, योगेंद्र सुमन, रामचन्द्र गुर्जर, सुरेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य राकेश सोनी, सरपंच कमलेश मेहता, मदनलाल वर्मा, कन्हैयालाल मीणा, नगर अध्यक्ष शिवम गुप्ता, जनपद सदस्य अमरलाल जादम, ब्लॉक प्रवक्ता हनुमान रामावत, पूर्व उपसरपंच रिंकू गुर्जर, आमीर खान, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र गुप्ता, पूर्व सरपंच भवानीशंकर बैरवा, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष हेमलता यादव, ओबीसी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मांगीलाल सुमन, एससी प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष रामभरोस मेघवाल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

इस अवसर पर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष शिवराज सिंह गुर्जर, पूर्व एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष भेरूलाल मेहरा, रामकिशन धनोलिया, मुफद्दल बोहरा, बद्रीलाल मीणा, मुकेश गुर्जर, कन्हैयालाल मेहता, धनराज मेवाड़ा, गरीबचंद मेघवाल, आकाश नागर, रामभरोस गुर्जर, सलीम खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन ब्लॉक प्रवक्ता हनुमान रामावत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *