
झालावाड़, 09 फरवरी। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा भारत सरकार की राहतवीर योजना के तहत दिसम्बर 2025 व जनवरी 2026 माह में सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की समय पर सहायता कर उनकी जान बचाने वाले 20 राहतवीरों को सोमवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया ने मिनी सचिवालय के सभागार में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएँ आज हमारे समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुकी हैं। हर दुर्घटना केवल एक आँकड़ा नहीं होती, बल्कि एक परिवार का सपना, किसी माता-पिता की उम्मीद और किसी बच्चे का भविष्य उससे जुड़ा होता है। दुखद तथ्य यह है कि कई बार समय पर सहायता न मिलने के कारण घायल व्यक्ति की जान चली जाती है, जबकि थोड़ी-सी तत्परता और मानवीय संवेदना से उसे बचाया जा सकता है।
इसी उद्देश्य से जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा “राहतवीर योजना” प्रारंभ की गई है। यह योजना उन संवेदनशील, साहसी और जिम्मेदार नागरिकों को सशक्त बनाने की पहल है, जो सड़क दुर्घटना की स्थिति में बिना किसी भय और संकोच के घायल व्यक्ति की सहायता के लिए आगे आते हैं।
राहतवीर योजना के अंतर्गत आमजन द्वारा दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, पुलिस को त्वरित सूचना देने, एंबुलेंस बुलाने तथा घायल को सुरक्षित रूप से चिकित्सालय पहुँचाने का कार्य किया जाता है। साथ ही, गुड सेमेरिटन कानून के तहत यह सुनिश्चित किया गया है कि मदद करने वाले व्यक्ति को किसी भी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला कलक्टर ने आमजन से आह्वान किया कि आप न केवल स्वयं सजग रहें, बल्कि समाज में भी यह संदेश फैलाएँ कि दुर्घटना के बाद सबसे कीमती चीज़ समय होता है। आपकी एक पहल, एक फोन कॉल या कुछ मिनट की सहायता किसी की पूरी ज़िंदगी बचा सकती है। यदि आप सड़क पर किसी दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को देखें, तो मूक दर्शक न बनें। मानवता के नाते आगे आएँ, सहायता करें और आवश्यकता पड़ने पर राहतवीरों या पुलिस को तुरंत सूचित करें। यह समझें कि आज जो मदद आप किसी और को देंगे, कल वही मदद आपके या आपके अपनों के लिए जीवन रक्षक बन सकती है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि राहतवीर योजना के सफल परिणाम सामने आने लगे हैं। अब राहतवीर पूर्ण तत्परता से लोगों की जान बचाने का पुण्य कार्य कर रहे हैं। पुलिस विभाग द्वारा की जाने वाली सख्ती से भी इसके सुखद परिणाम मिले हैं। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में पुलिस पूरी सख्ती बरत रही है और ऐसे चालकों के लाइसेंस सस्पेंड किए जा रहे हैं। इस प्रयास से जिले में सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग से इस कार्य को हम निरन्तर बनाए रखेंगे।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह की पिछले तीन वर्षों की तुलना की जाए तो 2024 में जहां 35 सड़क दुर्घटनाएं हुई और उनमें 15 लोगों की मौत हुई एवं 35 घायल हुए। वहीं 2025 में 41 प्रकरण सामने आए जिनमें 18 लोगों की मृत्यु हुई एवं 42 घायल हुए। जनवरी 2026 में 46 सड़क दुर्घटनाओं में 17 लोगों की मृत्यु हुई एवं 38 व्यक्ति घायल हुए हैं।
*इन राहतवीरों का किया गया सम्मान*
राहतवीर योजना के तहत दिसम्बर-2025 व जनवरी-2026 माह के लिए चयनित राहतवीरों धनसिंह, निखिल सोनी, जोहब आलम, दिनेश कुमार, यश शर्मा, राघवेन्द्र सिंह, विष्णु, टीकमसिंह, प्रवीण बंजारा, रवि, चन्द्रशेखर, रोशन दांगी, बुद्धराज सिंह, दिनेश गुर्जर, पवन, सुरेश चन्द्र वर्मा, भगवान सिंह मीणा, प्रदीप नागर, गोविन्द उर्फ सागर माली, विकास कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव, जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन, जिला दुर्घटना राहत समिति के सदस्यगण सहित प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।