
- “संवेदनहीन और विजनलेस बजट से जनता ठगी गई” मनोहरथाना कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद मीणा का भाजपा सरकार पर तीखा हमला,,,,,
झालावाड़।राजस्थान सरकार के हालिया बजट को लेकर प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। मनोहरथाना विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद मीणा ने राज्य सरकार के बजट को “संवेदनहीन, गुमराह करने वाला और जनता को ठगने वाला” करार देते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश के इतिहास का सबसे निराशाजनक बजट साबित होगा। किसानों, मजदूरों, बेरोजगार युवाओं, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं और अति पिछड़े वर्गों को इस बजट से भारी निराशा हाथ लगी है।
मीणा ने आरोप लगाया कि बजट में केवल घोषणाओं का पुलिंदा है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस विजन नजर नहीं आता। सरकार पुरानी योजनाओं का नाम बदलकर नई उपलब्धि बताकर आमजन को गुमराह कर रही है।
“फ्री बिजली के नाम पर धोखा, स्मार्ट मीटर से बढ़ा बोझ”
कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद मीणा ने कहा कि भाजपा सरकार ने फ्री बिजली के नाम पर गरीबों को भ्रमित किया है, जबकि दूसरी ओर स्मार्ट मीटर लगाकर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं पर सिर्फ लीपा-पोती की जा रही है और सरकार आमजन की जेब पर लगातार चोट कर रही है।
“ब्रांडिंग में व्यस्त सरकार, जमीनी विकास नदारद”
मनोहरथाना कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद
मीणा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार करोड़ों रुपये प्रचार-प्रसार और ब्रांडिंग पर खर्च कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते भ्रष्टाचार का भी मुद्दा उठाया और कहा कि जनता अब “पर्ची की सरकार” और “झूठे दावों वाली सरकार” को समझ चुकी है।
*“विद्यालय खुले आसमान के नीचे, और सरकार बजट का ढोल पीट रही”****
नेमीचंद मीणा ने शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने हाल ही में झालावाड़ जिले के पीपलोदी में हुए स्कूल भवन हादसे का जिक्र करते हुए कहा—
“हाल ही में झालावाड़ जिले में पीपलोदी स्कूल भवन हादसे के बाद जर्जर भवनों को जमीनदोज किया गया। आज कई विद्यालय खुले आसमान के नीचे चल रहे हैं और आप बजट की बात कर रहे हो। ऐसे बजट पर शर्म आना चाहिए। यह देश का बड़ा दुर्भाग्य है कि आज भी इस तरह की स्थिति बनी हुई है।”
उन्होंने कहा कि जब विद्यालयों में सुरक्षित भवन, शुद्ध पेयजल और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, तब सरकार की बड़ी-बड़ी बजट घोषणाएं केवल दिखावा मात्र हैं।
“सरकार राजनीतिक कोमा की ओर”
कांग्रेस प्रत्याशी विधायक नेमीचंद
मीणा ने तीखे शब्दों में कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार राजनीतिक रूप से “कोमा” की स्थिति में पहुंचती नजर आ रही है और जनता आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि यह बजट विकास का नहीं, बल्कि भ्रम और प्रचार का दस्तावेज है, जिससे प्रदेश की जनता पूरी तरह निराश है।