पांव के छाले कभी मेरी राहें नहीं रोक पाए” — उन्हेल से दुष्यंत सिंह की ‘आशीर्वाद पदयात्रा’ को वसुंधरा राजे ने दिखाई हरी झंडी

झालावाड़ पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने कहा कि उनका पूरा राजनीतिक जीवन संघर्ष, सेवा और जनता के विश्वास के साथ जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जब वे सांसद थीं, तब लगातार पदयात्राएं किया करती थीं। इस दौरान पैरों में छाले पड़ जाते थे, लेकिन वे कभी रुकती नहीं थीं। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा— “मैं चलती रही उम्रभर दुआओं के साथ, पांव के छाले कभी मेरी राहें नहीं रोक पाए।”

वे झालावाड़ जिले के उन्हेल कस्बे में सांसद दुष्यंत सिंह की तीन दिवसीय ‘आशीर्वाद पदयात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर विशाल जनसभा को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा को क्षेत्र की उन्नति, विकास और जनता के विश्वास से जुड़ी यात्रा बताया।

पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में अधिकतर नेता केवल चुनाव के दौरान जनता के बीच दिखाई देते हैं और चुनाव जीतने के बाद राजधानी के एसी कमरों तक सिमट जाते हैं। लेकिन हम ऐसी राजनीति नहीं करते। हम अपने क्षेत्र को परिवार मानते हैं और यहां के लोगों को केवल मतदाता नहीं, बल्कि अपने भाग्य निर्माता मानते हैं।

उन्होंने कहा कि दुष्यंत सिंह ऐसे सांसद हैं, जो हमेशा जनता के बीच रहते हैं। वे हर गांव, हर ढाणी और हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। यही कारण है कि जनता का स्नेह और आशीर्वाद लगातार उन्हें मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अपनों की है, अपनों के लिए है और अपनों के द्वारा की जा रही है। इसका उद्देश्य सत्ता या राजनीति नहीं, बल्कि जनता से जुड़ना, उनकी आवाज सुनना और उनकी समस्याओं का समाधान करना है।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आशीर्वाद पदयात्रा का लक्ष्य है कि क्षेत्र के हर नागरिक को सम्मान मिले, हर व्यक्ति का उत्थान हो और हर वाजिब समस्या का समाधान निकले। उन्होंने कहा कि सांसद इस यात्रा के माध्यम से लोगों के खेतों की मिट्टी से जुड़ने, बच्चों की मुस्कान को महसूस करने और मेहनतकश लोगों के पसीने की कीमत समझने आए हैं। यह यात्रा जनता की तकलीफों को गले लगाने और उनके सपनों को साकार करने की यात्रा है।

राजे ने अपने संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं, लेकिन जनता के आशीर्वाद और विश्वास ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी। उन्होंने कहा कि जब जनता का विश्वास साथ हो, तो कोई भी कठिनाई रास्ता नहीं रोक सकती।

सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झालावाड़-बारा क्षेत्र ने हमेशा उन्हें और दुष्यंत सिंह को भरपूर प्यार दिया है। यही कारण है कि यह क्षेत्र विकास के मामले में लगातार आगे बढ़ा है। सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अनेक काम हुए हैं और आगे भी विकास की गति को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और जनता तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में उनकी भूमिका सबसे अहम होती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं, युवा और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा के शुभारंभ के मौके पर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया गया।

इस अवसर पर आरपीएससी चेयरमैन श्याम सुंदर शर्मा, विधायक गोविंद रानीपुरिया, जिला प्रभारी जगत नारायण जोशी, सह प्रभारी सागर सोनी, पूर्व मंत्री मान सिंह चौहान, पूर्व विधायक नरेंद्र नागर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने जनता से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर विकास की इस यात्रा में सहभागी बनें और क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *