
झालावाड़ जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना झालरापाटन पुलिस ने दिनांक 24 जनवरी 2026 को नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर के कुल 783 कार्टून जब्त किए हैं। इन कार्टूनों में कुल 13,500 से अधिक बोतलें और बीयर केन शामिल हैं। जब्त की गई अवैध शराब की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को भी जब्त कर लिया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गुजरात राज्य में शराब बिक्री पर प्रतिबंध होने के कारण शराब तस्कर पंजाब में निर्मित शराब को बड़े ट्रकों के माध्यम से चोरी-छिपे गुजरात पहुंचाने का प्रयास करते हैं। तस्कर अलग-अलग मार्गों और जिलों से होकर शराब की तस्करी करते हैं, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके। झालावाड़ जिला राजस्थान–मध्यप्रदेश–गुजरात मार्ग से जुड़ा होने के कारण तस्करों द्वारा इसे ट्रांजिट रूट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों, संगठित अपराध, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थ एवं अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के समस्त थानाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झालावाड़ भागचंद मीणा के निर्देशन में एवं पुलिस उप अधीक्षक वृत झालावाड़ हर्षराज सिंह खरेड़ा के सुपरविजन में थाना झालरापाटन पुलिस को यह सफलता मिली। थाना प्रभारी अल्का, पुलिस निरीक्षक, को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक में भारी मात्रा में पंजाब निर्मित अवैध शराब भरकर झालावाड़ होते हुए गुजरात की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक श्री सुनील कुमार मय जाप्ता तुरंत सक्रिय हुए और माधोपुर ब्रिज के नीचे झालरापाटन क्षेत्र में नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध ट्रक को रोका गया। पुलिस द्वारा ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन की जा रही पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब एवं बीयर के 783 कार्टून बरामद हुए। प्रत्येक कार्टून में शराब की बोतलें एवं बीयर केन भरे हुए थे, जिनकी कुल संख्या करीब 13,500 पाई गई।

पुलिस ने मौके से ट्रक चालक सज्जन सिंह पिता सुरजभान सिंह राजपूत, उम्र 26 वर्ष, निवासी सालवाकला, असारानाडा, थाना डांगियावास, जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या परमिट नहीं पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त की गई अवैध शराब और ट्रक की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह शराब पंजाब से भरकर लाई गई थी और इसे गुजरात के राजकोट सहित अन्य क्षेत्रों में खपाने की योजना थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, शराब किसके लिए ले जाई जा रही थी और इसके नेटवर्क में कौन से बड़े तस्कर सक्रिय हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना झालरापाटन की विशेष टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम में थाना प्रभारी अल्का, उप निरीक्षक सुनील वर्मा, हेड कांस्टेबल प्रीतम सिंह, कांस्टेबल सीताराम, किशोर कुमार, प्रवीण कुमार, मुकेश जांगिड़, करण सिंह तथा आसूचना अधिकारी शामिल रहे। टीम की सतर्कता, त्वरित निर्णय और समन्वित कार्रवाई के कारण तस्करी का यह बड़ा प्रयास विफल हो सका।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अवैध शराब तस्करी न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर खतरा है। पुलिस का उद्देश्य ऐसे अवैध धंधों पर पूरी तरह अंकुश लगाना है। आने वाले दिनों में भी जिलेभर में सघन नाकाबंदी, गश्त और आसूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब, मादक पदार्थ या किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। झालावाड़ पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है और इसे जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।